राजस्थान / दो बहनों को ससुराल वालों से बचाने पहुंची थी पुलिस, लोगों ने बुरी तरह पीटा, हालत गंभीर

अलवर(मनीष बावलिया). जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र में दो बहनों को उनके ससुराल वालों से बचाने के लिए मदद करने पहुंचे एसआई और कांस्टेबल के साथ लोगों ने मारपीट कर दी। घटना में दोनों पुलिस कर्मियों को गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस दो पक्षों में राजीनामा करवाने जागीवाड़ा गांव पहुंची थी।


हमले में घायल एसआई रामस्वरूप बैरवा ने बताया कि रात करीब 2 बजे कंट्रोल रूम को भिवाड़ी से सूचना मिली थी गांव जागीवाड़ा में दो बहनों को बंधक बनाकर ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वह कांस्टेबल शिवरतन के साथ मौके पर पहुंचे तो पुलिस देखते ही 15-20 आरोपियों ने पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। साथ ही राइफल व पिस्टल छीन ली। जिसे घटना के बाद वापस लौटा दिया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी अपने उच्चअधिकारियों को दी। आरोपी मौके से फरार हो गए।


जिसके बाद घायल अवस्था में एसआई रामस्वरूप और कांस्टेबल शिवरतन को मुंडावर चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। जहां से उन्हें अलवर रैफर कर दिया गया। एसआई रामस्वरूप को काफी जगह चोटें आई हैं। उनके चेहरे पर सूजन आई है। कांस्टेबल शिवरतन के सिर में चोट लगी है।